नई दिल्ली:हवाई यात्रियों को इंडिगो ने दी ये विशेष सहूलियत
बैग हल्का, तो इंडिगो का टिकट सस्ता ,बिना चेक-इन बैगेज के लगेगा कम किराया
नई दिल्ली(BNE ) हवाई यात्रियों को सहूलियत देते हुए देश की नामी गिरामी विमान सेवा कम्पनी ने बुधवार को अपने इकोनॉमी श्रेणी के ग्राहकों के लिए ‘इंडिगो लाइट फेयर’ नाम से किराए का एक नया विकल्प पेश किया, जिसमें चेक-इन बैगेज के बिना यात्रा करने पर किराया कम हो जाएगा। एयरलाइंस की प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया है कि यह एंट्री-लेवल किराया उन यात्रियों के लिए है, जो केवल केबिन बैगेज यानी सात किलो तक के बैग के साथ यात्रा करते हैं और केवल उन्हीं सेवाओं के लिए भुगतान करना चाहते हैं, जिनका वे वास्तव में उपयोग करते हैं। इससे ग्राहकों को अपने यात्रा खर्च पर अधिक नियंत्रण और विकल्प मिलेगा। ‘इंडिगो लाइट फेयर’ की बुङ्क्षकग बुधवार से केवल एयरलाइंस के आधिकारिक चैनलों, वेबसाइट, मोबाइल ऐप और कांटेक्ट सेंटर के माध्यम से की जा सकेगी।
यह किराया 15 जुलाई, 2026 को या उसके बाद की यात्राओं के लिए लागू होगा। यह घरेलू और अंतरराष्ट्रीय, दोनों प्रकार की नॉन-स्टॉप उड़ानों पर एकतरफा, राउंड ट्रिप और मल्टी-सिटी यात्रा के लिए वयस्क एवं बच्चों दोनों पर लागू होगा। इस विकल्प के तहत ग्राहकों को कम बेस फेयर, बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के ऑटो-असाइन सीट तथा सात किलोग्राम तक केबिन बैगेज की सुविधा मिलेगी। इसके अलावा, चेक-इन बैगेज, पसंदीदा सीट, खाना और फास्ट फॉरवर्ड जैसी प्राथमिकता सेवाओं के लिए उन्हें अलग से भुगतान करना होगा। इन सेवाओं को उड़ान के रवाना होने से एक घंटे पहले तक इंडिगो की वेबसाइट या एयरपोर्ट पर खरीदा जा सकता है। एयरलाइंस ने स्पष्ट किया है कि ‘इंडिगो लाइट फेयर’ चुनने वाले यात्री को पहले की तरह इंडिगो ब्लूचिप लॉयल्टी प्रोग्राम के लाभ मिलते रहेंगे।









