Chamba Bolero Accident: मुंडन संस्कार से वापस करते समय बोलेरो गाड़ी गिरी गहरी खाई में ,7 लोगों की मौत
मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल,मरने वालों में 3 सगे भाई
पुलिस हर पहलू से मामले की पड़ताल कर रही है।
चंबा: (BNE ) हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में बुधवार रात को पुखरी-मसरूंड मार्ग पर मुंडन संस्कार के बाद वापस घर लौटते समय सड़क हादसे में 7 लोगों की दर्दनाक मौत हो गयी। इस हादसे में मरने वाले 3 लोग सगे भाई थे। बताया जा रहा है कि बोलेरो गाड़ी अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। इस हादसे में बोलेरो के परखच्चे उड़ गए। मरने वालों में सभी लोग महल गांव के बताए जा रहे हैं। यह सभी लोग काकड़ोथा गांव में मुंडन संस्कार की धाम में शामिल होने के बाद घर लौट रहे थे। घटना की सूचना मिलने के बाद लोगों ने शवों को खाई से निकाला और फिर मामले में पुलिस भी मौके पर पहुंची।
क्रैश बैरियर होता तो बच जाती जान
स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क किनारे क्रैश बैरियर नहीं थे। अगर क्रैश बैरियर होते तो इन लोगों की जान बच सकती है। वहीं हादसे की जानकारी देते हुए एसपी चंबा विजय सकलानी ने बताया कि सभी शवों को खाई से निकाल लिया गया है। मृतकों की पहचान की जा रही है। चंबा-मसरूंड मार्ग पर छतरूंड के पास यह हादसा हुआ है। मृतकों में तीन महिलाएं और तीन पुरुष शामिल हैं। यह सभी मुंडन संस्कार की धाम खाने के बाद बोलेरो में सवार होकर अपने घर लौट रहे थे।
मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रशासन की ओर से मृतकों की पहचान और अन्य औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं। वहीं इस हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे में मृतकों और घायलों के संबंध में जानकारी एकत्र की जा रही है। दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस हर पहलू से मामले की पड़ताल कर रही है।









