अखिलेश यादव सोमवार दोपहर कन्नौज के पाल चौराहा स्थित एक कार शोरूम का उद्घाटन करने पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने कहा कि जिस कार शोरूम का उन्होंने उद्घाटन किया है। वह 7 लाख की आती है। इसमें आधा टैक्स सरकार का होगा। यदि टैक्स माफ कर दिया जाए तो कार की कीमत और कम हो जाएगी।
ये कार पेट्रोल से चलती है और अभी तमाम जगहों से फोटो आ रहीं हैं कि कैसे लोग पेट्रोल की लाइनों में लगे हैं। पेट्रोल, डीजल और गैस की ये किल्लत अमेरिका-ईरान युद्ध के कारण हो रही है।
अगर युद्ध न रुका तो तमाम देशों की अर्थव्यवस्था गड़बड़ा जाएगी। भारत की अर्थव्यवस्था बहुत खराब हो जाएगी। इसलिए ये युद्ध बन्द होना चाहिए, ताकि बेगुनाहों को मौत से बचाया जा सके।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में विकास नहीं, विनाश हुआ है। जब वो लोग विकास की बात करते हैं तो सपा सरकार में कराए गए विकास कार्यों को गिना देते है जबकि इस सरकार ने कन्नौज में एक्सीलेंस फ़ॉर वेजिटेबल, काऊ मिल्क प्लांट, कैंसर इंस्टिट्यूट, पैरा मेडिकल कालेज, आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे को बर्बाद कर दिया।
इसलिए कन्नौज वालों बीजेपी के लोगों के झांसे में न आना। 2027 में समाजवादी पार्टी विकास और संघर्ष के सिद्धांत पर चलते हुए सरकार बनाने जा रही है।
देश के लिए हितकारी नहीं भाजपा
अखिलेश यादव ने कहाकि भाजपाई देशहित में कोई काम नहीं करते। अगर देशहित में काम करते तो आज तमाम देश हमारे मित्र होते, लेकिन इन्होंने तमाम देशो को भारत से दूर कर दिया। भाजपा ने कभी भारत का झंडा स्वीकार नहीं किया था।
जब बीजेपी का गठन हुआ तब इन्होंने जयप्रकाश जी को मंच पर स्थान दिया। भाजपा ने कभी समाजवादी सिद्धांत नहीं अपनाया। ये लोग चाहते हैं कि देश के लोग अनपढ़ रहें, रूढ़िवादी रहें। प्रोग्रेसिव न हों। इनकी सोच हमेशा नकारात्मक रही है।
महिला आरक्षण का समर्थन
बीजेपी सरकार द्वारा महिलाओं को आरक्षण देने के सवाल पर अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी महिला आरक्षण का समर्थन करती है। महिलाओं को बराबरी का हक मिले, इसके लिए कदम उठाए जाने चाहिए।
लेकिन जिस आधी आबादी को बीजेपी आरक्षण देने की बात कर रही, उसके पास आधी आबादी की सही संख्या भी नहीं है। 2011 की जनगणना के आधार पर आरक्षण दिया जाएगा, जबकि बिल 2026 में लाया जाएगा। ऐसे में जिसके पास महिलाओं की संख्या और आंकलन ही गलत है, वह कैसे सही प्रकार आरक्षण दे पाएंगे।
स्थानीय विकास पर बोलते हुए बोले कन्नौज में जमीनों को कोई पूछता नहीं था। सपा की सरकार में तिर्वा-कन्नौज रॉड को चौड़ा कराया गया। इसी रोड पर बन्द पड़े ईंट भट्ठे की जमीन को लेकर पार्टी का जिला कार्यालय बनवाया, जिसके बाद जमीनों की कीमत बढ़ गई और अब यहां दुकानें और शोरूम बनने लगे गए।
पहले यहां जमीनें बीघा के हिसाब से बिकती थीं और अब स्क्वायर फिट में बिक रहीं। सपा की फिर से सरकार आने पर कन्नौज से लेकर तिर्वा तक कई शोरूम बन जाएंगे। इस रोड पर कहीं भी जगह खाली नहीं मिलेगी। इतना विकास कराएंगे।