Assam Elections 2026:अगर कांग्रेस सत्ता में आयी तो घुसपैठियों के रक्षा के लिए कानून लाएगी। -PM MODI
असम में गौरव गोगोई पर बरसे पीएम मोदी
Assam Elections 2026: पीएम मोदी ने धेमाजी जिले के गोगामुख में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस का लक्ष्य बहुसंख्यक समुदाय को अल्पसंख्यक में बदलना और घुसपैठियों का एक स्थायी वोट बैंक बनाना है।उन्होंने कहा कि अगर कांग्रेस असम में सत्ता में आई तो वह घुसपैठियों की रक्षा के लिए कानून लाएगी। लेकिन भारतीय जनता पार्टी (BJP) और उसके सहयोगी ऐसा होने नहीं देंगे।
उन्होंने कहा कि 2014 में बीजेपी के सत्ता में आने से पहले कांग्रेस ने केंद्र में नया कानून लाने की कोशिश की थी। लेकिन राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) ने उसका विरोध किया था। प्रधानमंत्री ने कहा, “कांग्रेस नेता खुलेआम कह रहे हैं कि वे घुसपैठियों की रक्षा के लिए असम में नया कानून लाएंगे और वे उनका खुलकर समर्थन कर रहे हैं।”
प्रधानमंत्री ने कांग्रेस पर देश को उसी तरह बांटने का आरोप लगाया जैसा विभाजन के दौरान मुस्लिम लीग ने किया था। PM मोदी ने कहा, “कांग्रेस ने बाबा साहेब आंबेडकर द्वारा तैयार किए गए संविधान को भी आघात पहुंचाया है।”
गौरव गोगोई पर बोला हमला
PM मोदी ने गांधी परिवार और कांग्रेस की राज्य इकाई के अध्यक्ष गौरव गोगोई के परिवार की ओर इशारा करते हुए कहा, “कांग्रेस के लिए दो परिवार हैं। एक दिल्ली में एवं दूसरा असम में… और उनकी प्राथमिकता लोगों का हित नहीं, बल्कि अपने परिवारों का हित है।” प्रधानमंत्री ने कहा कि अगर BJP फिर सत्ता में आई तो वह असम की पहचान की रक्षा के लिए समान नागरिक संहिता लागू करेगी और छठी अनुसूची के तहत जनजातीय समुदायों की सुरक्षा करेगी।
उन्होंने कहा, “BJP के 10 साल के शासन ने असम में सेवा और सुशासन के नए दौर की शुरुआत की है।” प्रधानमंत्री ने कहा कि सभी लोग कह रहे हैं कि केवल राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) ही असम में आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार कर सकता है।
पीएम मोदी ने दावा किया, “कांग्रेस ने 60-65 वर्ष में ब्रह्मपुत्र नदी पर केवल तीन पुल बनाए। जबकि बीजेपी ने 10 वर्ष में पांच पुल बनाए हैं। इससे लोगों का जीवन और उनके लिए आजीविका कमाना बहुत आसान हुआ है।”
असमिया समाज और ब्रह्मपुत्र नदी का जिक्र
PM मोदी ने आगे कहा, “ऐसा नहीं है कि असम में संसाधनों की कमी है लेकिन कांग्रेस ने सत्ता की अपनी चाह में असमिया समाज को बांटा और ब्रह्मपुत्र नदी के दोनों तटों के लोगों को मिलने नहीं दिया। NDA सरकार ने उनके दर्द एवं मुश्किलों को समझा और पुल बनाने की पहल की।” उन्होंने लोगों को यह भरोसा भी दिलाया कि सुबनसिरी जलविद्युत परियोजना असम को बाढ़ से बचाएगी।
घोषणापत्र की तारीफ की
प्रधानमंत्री ने कहा कि बीजेपी ने अपने घोषणापत्र में असम को बाढ़ से मुक्त बनाने के लिए करीब 1,800 करोड़ रुपये की परियोजनाओं की घोषणा की है। उन्होंने दावा किया कि बीजेपी शासन के पिछले 10 वर्ष में 22 लाख से अधिक गरीब परिवारों को पक्के मकान दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी 15 लाख और परिवारों को ऐसे मकान देने की गारंटी देती है।
पीएम मोदी ने कहा कि बीजेपी की ‘डबल इंजन’ सरकार सुनिश्चित करेगी कि ‘लखपति’ महिलाओं की संख्या तीन लाख से बढ़ाकर 40 लाख की जाए। प्रधानमंत्री ने कहा कि बीजेपी के घोषणापत्र ने अधिक सरकारी नौकरियों और स्वरोजगार के अवसरों के लिए एक रूपरेखा तैयार की है। असम की 126 विधानसभा सीट के लिए 9 अप्रैल को मतदान होगा और मतों की गिनती चार मई को होगी।









