नई दिल्ली-आंध्र प्रदेश में ट्रक से टकराई बस ,लगी भीषण आग ,10 लोगों की मौत
नई दिल्ली (BNE )आंध्र प्रदेश में गुरुवार सुबह मार्कपुरम में ट्रक में बस के टकरा जाने के बाद भीषण आग लग गयी। इस हादसे में 10 लोग जिन्दा जल गए। .. पुलिस के मुताबिक, हादसा गुरुवार 26 मार्च की सुबह आंध्र प्रदेश के मार्कपुरम जिले में हुआ. ट्रक से टकराने के बाद बस में भीषण आग लग गई.
उसके ट्रक भी इसकी चपेट में आ गया और दोनों वाहन धू-धूकर जलने लगे. इस हादसे में कम से कम 10 यात्रियों की जलकर मौत हो गई. जबकि कई अन्य घायल भी हैं. पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला है कि यह हादसा रायवरम गांव के पास सुबह 6:00 से 6:30 बजे के बीच हुआ.
निजी ट्रेवल एजेंसी की थी बस
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी किए गए एक बयान में कहा गया है कि हरिकृष्णा ट्रेवल्स की निजी बस तेलंगाना के निर्मल से नेल्लोर जिले की ओर जा रही थी. इसी दौरान ये हादसा हो गया. मार्कपुरम के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि, सूचना मिलते ही वे टीम के साथ दुर्घटनास्थल पर पहुंच गए. शुरुआती जांच में पता चला है कि हादसा तब हुई जब बस खदान के पास मोड़ पर मुड़ रही थी, तभी तेज रफ्तार से आ रहे एक ट्रक ने उसे टक्कर मार दी. उन्होंने आगे कहा कि ट्रक की तेज रफ्तार हादसे की वजह हो सकती है. हालांकि जांच में ही इस बात का पता चलेगा कि हादसा कैसे हुआ.
टक्कर के बाद लग गई बस में आग
पुलिस अधिकारी ने बताया कि, ट्रक से टकराने के बाद बस में तुरंत आग लग गई. जिससे कई यात्री बस के अंदर फंस गए. आग इतनी भीषण थी कि दोनों वाहन पूरी तरह जलकर खाक हो गए. शुरुआती रिपोर्टों के मुताबिक, बस में सवार 10 यात्री जिंदा जल गए, जबकि कई लोग घायल भी हुए हैं. मरने वालों की संख्या और बढऩे की आशंका है, क्योंकि पुलिस और अग्निशमन विभाग की बचाव टीमें बस के अंदर फंसे यात्रियों को निकालने की कोशिश कर रही हैं.
बस में सवार थे करीब 40 यात्री
पुलिस अधिकारी ने बताया कि, घायलों को मार्कपुरम के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है. इनमें कुछ लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है. उन्होंने आगे बताया कि हादसे के वक्त बस में करीब 40 यात्री सवार थे. पुलिस अधिकारी ने बताया, टक्कर और उसके बाद लगी आग के चलते बस के पिछले हिस्से में बैठे लोग बच नहीं पाए, जिसके कारण इतनी बड़ी संख्या में लोगों की मौत हुई. आगे के हिस्से में बैठे करीब 10 यात्री बाल-बाल बच गए.
अभी तक मृतकों की पहचान नहीं हो पाई है. हालांकि, खबरों के मुताबिक कुछ पीडि़त कनिगिरी क्षेत्र के हो सकते हैं. आपातकालीन टीमें घटनास्थल पर मलबा हटाने और जिंदा बचे हुए लोगों की मदद के लिए लगातार अभियान चला रही हैं. पुलिस घटनाक्रम का सटीक पता लगाने और मृतकों की पहचान करने में जुटी है.









