बांग्लादेश : राजबाड़ी जिले में नदी में गिरी बस ,23 यात्रियों की मौत ,11 ने तैरकर बचाई जान
ढाका. (एजेंसी ) बांग्ला देश के राजबाड़ी जिले में दाउलादिया टर्मिनल पर 40 यात्रियों से भरी बस पद्मा नदी में गिर गयी। इस हादसे में करीब 23 लोगों की मौके पर ही मौत हो गयी। 11 यात्रियों ने किसी तरह तैर कर अपनी जान बचा ली है। हादसा बुधवार शाम को हुआ. तब सिर्फ 2 लोगों की मौत की खबर आई थी.
हादसा राजबाड़ी जिले में दाउलादिया टर्मिनल पर हुआ. बस फेरी (बड़ी नाव) पर चढ़ रही थी. इसी दौरान ड्राइवर का कंट्रोल छूट गया और बस सीधे नदी में जा गिरी. बांग्लादेश में बसों और गाडिय़ों को नदी पार कराने के लिए फेरी का इस्तेमाल होता है. यह एक बड़ी नाव या जहाज जैसा होता है. प्रधानमंत्री तारिक रहमान ने रेस्क्यू ऑपरेशन की जानकारी ली और जांच के आदेश दिए.
6 घंटे के बाद बस निकाली गई
रेस्क्यू टीम ने हमजा नाम के जहाज की मदद से करीब 6 घंटे की मशक्कत के बाद आधी रात को बस को बाहर निकाला. इसमें 21 शव मिले, जबकि गोताखोरों ने पहले ही दो महिलाओं के शव बरामद कर लिए थे. फायर सर्विस और कोस्टगार्ड के गोताखोर सेना और पुलिस की मदद से लापता लोगों की तलाश में जुटे हैं.
ईद के बाद ढाका लौट रहे थे लोग
अधिकारियों ने बताया कि बस ढाका जा रही थी. इसमें सवार कई यात्री ईद की छुट्टियां खत्म कर राजधानी लौट रहे थे, जिनमें बच्चे भी शामिल थे. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस में सवार कई लोग एक ही परिवार के थे. कुछ लोग बाहर खड़े होने की वजह से बच गए, जबकि उनके परिजन बस के अंदर फंसे रह गए.










