पटना-संजय सरावगी के हाथ में होगी बिहार भाजपा की कमान
इस बदलाव से बिहार भाजपा के भीतर कार्यकर्ताओं में नया उत्साह भरने की उम्मीद है।
राष्ट्रीय अध्यक्ष के निर्देशानुसार संजय सरावगी की नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू होगी।
पटना (BNE ):भाजपा शीर्ष नेतृत्व इस समय अपने अध्यक्षों के बदलने में लगी हुई है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ,उत्तर प्रदेश प्रदेश अध्यक्ष के बाद अब बिहार भाजपा की कमान संजय सरावगी के हाथों में सौंप दी है. पिछले काफी समय से चल रही अटकलों पर विराम लगाते हुए पार्टी ने दरभंगा से पांच बार के विधायक और वरिष्ठ नेता संजय सरावगी को बिहार इकाई का नया मुखिया नियुक्त किया है। यह बदलाव ऐसे समय में हुआ है, जब नितिन नबीन को बीजेपी का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया है। इस बदलाव से बिहार भाजपा के भीतर कार्यकर्ताओं में नया उत्साह भरने की उम्मीद है। बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव और मुख्यालय प्रभारी अरुण सिंह ने इस संबंध में औपचारिक पत्र जारी करते हुए बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के निर्देशानुसार संजय सरावगी की नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू होगी।
दरअसल, बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में पार्टी के शानदार प्रदर्शन के बाद तत्कालीन प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल को नई सरकार में मंत्री पद की जिम्मेदारी दी गई थी। भाजपा में ‘एक व्यक्ति, एक पद’ का सिद्धांत सख्ती से लागू होता है, इसलिए दिलीप जायसवाल के मंत्री बनने के बाद से ही नए प्रदेश अध्यक्ष की तलाश जारी थी। अब पार्टी ने संजय सरावगी पर भरोसा जताते हुए उन्हें यह अहम जिम्मेदारी सौंपी है। सरावगी की गिनती संगठन के सुलझे हुए और जमीनी नेताओं में होती है, जो छात्र राजनीति के समय से ही संघ और पार्टी विचारधारा से जुड़े रहे हैं।
संजय सरावगी का राजनीतिक सफर काफी लंबा और अनुभव भरा रहा है। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) से अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत करने वाले सरावगी ने 1995 में भाजपा की प्राथमिक सदस्यता ली थी। वे पहली बार 2003 में दरभंगा नगर निगम से वार्ड पार्षद चुने गए थे। इसके बाद 2005 में वे पहली बार विधायक बने और तब से लेकर अब तक (2010, 2015, 2020 और हालिया 2025 चुनाव) उन्होंने लगातार जीत दर्ज की है। हाल ही में संपन्न हुए 2025 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने अपने प्रतिद्वंद्वी उमेश सहनी को भारी मतों के अंतर से हराकर अपनी लोकप्रियता साबित की थी। मिथिला विश्वविद्यालय से एम.कॉम और एमबीए की डिग्री हासिल करने वाले संजय सरावगी अब बिहार में पार्टी संगठन को मजबूत करने का काम करेंगे।










