Bomb Threat:मुंबई के गिरगांव इलाके में स्थित इस्कॉन मंदिर को बम से उड़ाने की धमकी मिली
Bomb Threat: मौके पर पहुंची पुलिस ,जांच पड़ताल शुरू
Bomb Threat: देश में लगातार आतंकी संगठनों या अराजक तत्वों द्वारा ऐतिहासिक धरोहरों ,सार्वजनिक स्थलों, स्कूलों ,मंदिरों आदि को बम से उड़ाने की धमकी मिल रही है। इसी कड़ी में मुंबई के गिरगांव इलाके में स्थित इस्कॉन मंदिर को भी बम से उड़ाने की धमकी मिली है। ईमेल द्वारा मिली इस धमकी के बाद मुंबई में हड़कंप मच गया। पुलिस बल तुरंत एक्टिव मोड में आ गया। जानकारी के अनुसार, गिरगांव इलाके में स्थित इस्कॉन मंदिर को सोमवार को बम से उड़ाने की धमकी मिली। इस घटना की जानकारी तुरंत पुलिस और बम स्क्वायड को दी गई। इसके बाद वे तत्काल मौके पर पहुंचे और उन्होंने मंदिर परिसर की तलाशी ली। हालांकि, लेकिन कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।
बताया जा रहा है कि इस्कॉन मंदिर को बम से उड़ाने की धमकी इम्मानुएल सेकरन नाम की ईमेल आईडी से मिली है। मंदिर प्रशासन की शिकायत पर गावदेवी पुलिस स्टेशन में अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ईमेल के सोर्स की पहचान के लिए जांच कर रही है। साथ ही पुलिस ने शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। मंदिर प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को सख्त कर दिया है।
ये पहली बार नहीं है जब मुंबई में किसी इमारत को बम से उड़ाने की धमकी मिली हो। इससे पहले बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) को एक अज्ञात आईडी से ईमेल के माध्यम से बम की धमकी मिली थी। इसके बाद बॉम्बे एक्सचेंज ने अपने परिसर में सतर्कता और निगरानी बढ़ा दी थी एक बयान में कहा गया कि इस मामले में एफआईआर दर्ज करा दी गई है। सभी संबंधित अधिकारियों को धमकी वाले मेल के बारे में सूचित कर दिया गया है।
इससे पहले, 15 जून को मुंबई में अमेरिकी महावाणिज्य दूतावास कार्यालय को भी बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। इसके बाद BKC पुलिस स्टेशन को अलर्ट कर दिया गया था, जिसके बाद पुलिस और बम स्क्वायड की टीम मौके पर पहुंची और पूरे इलाके की जांच की। हालांकि, जांच के दौरान पुलिस को कुछ संदिग्ध सामान नहीं मिला था।










