नाइजीरिया में खूनी हमला: बंदूकधारियों ने 20 निर्दोष लोगों की ली जान
जम्फारा राज्य के गांव में सोने की खदान और मस्जिद को बनाया निशाना, एमनेस्टी इंटरनेशनल ने जताई गहरी चिंता
उत्तर-पश्चिमी नाइजीरिया के जम्फारा राज्य में भयावह हिंसा का तांडव देखने को मिला, जहां हथियारों से लैस बंदूकधारियों ने डैन गुलबी जिले के गोबिरावा चाली गांव पर हमला कर दिया। मानवाधिकार संगठन ‘एमनेस्टी इंटरनेशनल नाइजीरिया’ ने इस भीषण हमले की पुष्टि करते हुए बताया कि मोटरसाइकिलों पर सवार हमलावरों ने गुरुवार दोपहर गांव में धावा बोला।
बताया गया कि सबसे पहले हमलावरों ने सोने की एक खदान पर हमला कर 14 लोगों की बेरहमी से हत्या कर दी। इसके बाद वे घरों और मस्जिदों में घुसकर अंधाधुंध फायरिंग करने लगे, जिसमें मरने वालों की संख्या बढ़कर 20 तक पहुंच गई। इस हमले में कई अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
फिलहाल हमले के पीछे की मंशा स्पष्ट नहीं हो पाई है। हालांकि, विशेषज्ञों का मानना है कि इस क्षेत्र में सक्रिय सशस्त्र गिरोह आमतौर पर फिरौती के लिए सामूहिक हत्याएं और अपहरण की घटनाओं को अंजाम देते हैं। एमनेस्टी इंटरनेशनल ने सरकार से मांग की है कि वह नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करे और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करे।










