



शम्मी सिल्वा फिर बने श्रीलंका क्रिकेट के अध्यक्ष, जय शाह के करीबी की चौथी पारी
बिना विरोध के मिली जीत, 2025-27 तक संभालेंगे कमान
कोलंबो में सोमवार को हुए 64वीं वार्षिक आम सभा में शम्मी सिल्वा को लगातार चौथी बार श्रीलंका क्रिकेट (SLC) का अध्यक्ष चुना गया। उन्हें 2025-27 कार्यकाल के लिए निर्विरोध चुना गया, जो उनकी तीसरी ऐसी जीत है जब उन्हें किसी प्रतिस्पर्धा का सामना नहीं करना पड़ा। सिल्वा को भारतीय क्रिकेट बोर्ड (BCCI) सचिव और ICC के मौजूदा चेयरमैन जय शाह के करीबी सहयोगी के रूप में देखा जाता है।
सिल्वा का पिछला कार्यकाल काफी उथल-पुथल भरा रहा, जब 2023 में श्रीलंका के तत्कालीन खेल मंत्री रोशन राणासिंघे के साथ उनका टकराव हुआ। भारत के खिलाफ विश्व कप 2023 में श्रीलंका की करारी हार के बाद खेल मंत्री ने एक अंतरिम समिति नियुक्त कर दी थी, जिससे ICC ने श्रीलंका क्रिकेट को निलंबित कर दिया था। नतीजतन, श्रीलंका में होने वाला अंडर-19 पुरुष वर्ल्ड कप दक्षिण अफ्रीका में स्थानांतरित करना पड़ा।
बाद में अदालत ने सिल्वा के नेतृत्व वाले SLC प्रशासन को बहाल किया और खेल मंत्री को बर्खास्त कर दिया गया। श्रीलंका में क्रिकेट प्रशासन का पद एक प्रतिष्ठा का विषय माना जाता है, खासकर 1996 विश्व कप जीतने के बाद से। SLC के चुनावों में हमेशा गुटबाजी और कटुता रही है। 1998 में तो तत्कालीन राष्ट्रपति चंद्रिका कुमारतुंगा के सुरक्षा विभाग को AGM में दखल देना पड़ा था, जिससे बैठक में हाथापाई तक हो गई थी।
अब देखना होगा कि शम्मी सिल्वा अपने नए कार्यकाल में श्रीलंका क्रिकेट को किस दिशा में ले जाते हैं।