तेहरान-इजरायल-अमेरिका के संयुक्त हमलों में ईरान के एक स्कूल के 24 छात्रों की मौत
हमलों में ईरान के तीन वरिष्ठ अधिकारी मारे जा चुके हैं, हालांकि ईरान ने अब तक इस दावे की पुष्टि नहीं की है।
तेहरान(एजेंसी ) इजरायल-अमरीका के संयुक्त हमलों में शनिवार को ईरान के एक प्राथमिक स्कूल के 24 छात्रों के मरने की खबर है। ईरानी स्टूडेंट समाचार एजेंसी (इसना) के अनुसार, बालिकाओं का यह प्राथमिक विद्यालय दक्षिणी ईरान के होर्मोज़गन प्रांत में था। इससे पहले, इसना ने स्थानीय प्रशासन के हवाले से बताया था कि स्कूल में 18 विद्यार्थियों की मौत हुई है।
दूसरी ओर, समाचार एजेंसी शिन्हुआ ने इराक गृह मंत्रालय के एक सूत्र के हवाले से बताया कि शनिवार को बगदाद के दक्षिण में बाबिल प्रांत में हुए मिसाइल हमले में इराक के अर्ध-सैनिक पॉपुलर मोबिलाइजेशन बल (पीएमएफ) के कम से कम दो सदस्य मारे गये। संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के स्थानीय मीडिया ने बताया कि ईरान के मिसाइल हमलों में एक व्यक्ति की मौत हो गयी है। इस बीच, इजरायली मीडिया ने दावा किया कि उसके हमलों में ईरान के तीन वरिष्ठ अधिकारी मारे जा चुके हैं, हालांकि ईरान ने अब तक इस दावे की पुष्टि नहीं की है।










