तुर्किए एयरपोर्ट पर 40 घंटे से फंसे 200 यात्री, न खाना न पानी – वर्जिन अटलांटिक फ्लाइट का मेडिकल डायवर्जन बना मुसीबत
लंदन से मुंबई जा रही फ्लाइट VS358 में तकनीकी गड़बड़ी, एक ही टॉयलेट, कंबल नहीं और सोशल मीडिया पर छलका दर्द
लंदन से मुंबई आ रही वर्जिन अटलांटिक की फ्लाइट VS358 के यात्रियों को उस वक्त बड़ा झटका लगा, जब फ्लाइट को मेडिकल इमरजेंसी के चलते तुर्किए के दियारबाकिर एयरपोर्ट पर लैंड कराना पड़ा। लेकिन असली परेशानी इसके बाद शुरू हुई। करीब 200 से ज्यादा यात्री, जिनमें कई भारतीय शामिल हैं, 40 घंटे से ज्यादा समय से एयरपोर्ट पर फंसे हुए हैं।
एयरलाइन ने बताया कि लैंडिंग के बाद विमान में तकनीकी समस्या सामने आई, जिसकी जांच जारी है। हालांकि, यात्रियों का कहना है कि उन्हें न तो खाने-पीने की सही सुविधा दी जा रही है और न ही सोने के लिए कंबल। कई यात्रियों ने सोशल मीडिया पर अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि पूरे एयरपोर्ट पर सिर्फ एक शौचालय है, और वह भी सभी यात्रियों के लिए काफी नहीं है।
तस्वीरों में यात्री हवाई अड्डे की सीटों पर लेटे, थके और परेशान नजर आ रहे हैं। कुछ यात्रियों ने एक अंक के तापमान में ठिठुरते हुए कंबल न मिलने की शिकायत की। इस बीच भारतीय दूतावास ने यात्रियों को आश्वस्त किया है कि वह वर्जिन अटलांटिक के अधिकारियों के संपर्क में है और स्थिति की निगरानी कर रहा है।
एयरलाइन ने यह भी कहा है कि अगर तकनीकी मंजूरी नहीं मिलती, तो यात्रियों को बस के जरिए दूसरे एयरपोर्ट ले जाया जाएगा, जहां से उन्हें वैकल्पिक फ्लाइट से मुंबई भेजा जाएगा। लेकिन जब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकलता, यात्रियों की मुश्किलें कम होती नहीं दिख रहीं।










