



अरब देशों की जेलों में बंद हैं हजारों भारतीय! सरकार ने संसद में पेश की चौंकाने वाली रिपोर्ट
10,152 भारतीय विदेशी जेलों में बंद, UAE और सऊदी अरब में सबसे ज्यादा कैदी
दुनिया भर की जेलों में 10,152 भारतीय कैदियों की मौजूदगी ने सभी को चौंका दिया है। भारत सरकार द्वारा संसद में पेश किए गए आंकड़ों के मुताबिक, इनमें से आधे से ज्यादा भारतीय कैदी अरब देशों में बंद हैं। 2022 में यह संख्या 8,441 थी, जो अब 1,711 की बढ़ोतरी के साथ 10,152 तक पहुंच गई है। सवाल यह है कि भारतीय नागरिकों की इतनी बड़ी संख्या विदेशी जेलों में क्यों कैद है? कौन-से देश भारतीयों के लिए सबसे ज्यादा खतरनाक साबित हो रहे हैं?
कौन-कौन से देश भारतीयों के लिए बने जेलखाना?
भारत सरकार द्वारा जारी रिपोर्ट के अनुसार, विदेशी जेलों में बंद भारतीयों की संख्या में सबसे ज्यादा हिस्सा अरब देशों का है।
- सऊदी अरब: 2,633 भारतीय जेल में
- यूएई: 2,518 भारतीय जेल में
- कतर: 611 भारतीय जेल में
इन तीन देशों में ही 5,762 भारतीय कैद हैं, जो कुल संख्या का 56.7% हिस्सा है।
कई भारतीयों को सुनाई गई मौत की सजा!
सबसे डराने वाली बात यह है कि कई भारतीयों को विदेशों में मौत की सजा सुनाई गई है।
- UAE: 25 भारतीय
- सऊदी अरब: 11 भारतीय
- मलेशिया: 6 भारतीय
- कुवैत: 3 भारतीय
- कतर, अमेरिका, यमन, इंडोनेशिया: 1-1 भारतीय
भारत सरकार क्या कर रही है?
विदेश राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह ने बताया कि भारत सरकार विदेशों में फंसे नागरिकों की मदद के लिए लगातार प्रयास कर रही है। कानूनी सहायता, अपील और दया याचिकाओं के जरिए सजा में राहत दिलाने की कोशिश की जा रही है। विदेशों में स्थित भारतीय मिशन ऐसे कैदियों को हरसंभव मदद पहुंचाने में जुटे हैं।
हालांकि, इन आंकड़ों से यह सवाल उठता है कि आखिर इतनी बड़ी संख्या में भारतीय क्यों विदेशी जेलों में बंद हो रहे हैं? क्या यह कड़े कानूनों की वजह से हो रहा है, या फिर भारतीय नागरिक विदेश में रहकर कानून तोड़ने की गलती कर रहे हैं?