प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा के प्रयासों से पूर्वांचल सहित उत्तर प्रदेश को छठ पर्व पर भारत सरकार ने एक बड़ा तोहफा दिया है। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मंत्री एके शर्मा के पत्र का संज्ञान लेते हुए एवं उनके अनुरोध पर एक नई साप्ताहिक एक्सप्रेस रेल गाड़ी मऊ से मुंबई तक को मंजूरी दे दी है। केंद्रीय रेल मंत्री वैष्णव ने इस बात की जानकारी स्वयं मंत्री शर्मा को फोन पर दी है। लोक आस्था के इस महापर्व छठ पूजा पर भारत सरकार द्वारा मऊ से मुंबई एक नई साप्ताहिक रेल गाड़ी की मंजूरी मिलना पूर्वांचल सहित उत्तर प्रदेश के लिए एक तोहफे से कम नहीं है। जिसके लिए प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का ह्रदय से धन्यवाद किया है। मंत्री ए.के. शर्मा ने भारत सरकार के रेल मंत्रालय से मऊ, आजमगढ़, शाहगंज, मुम्बई वाया प्रयागराज, कानपुर नई ट्रेन संचालन के लिए आग्रह पत्र लिखा था। जिसमें उन्होंने लिखा कि पूर्वोत्तर रेलवे अंतर्गत उत्तर प्रदेश के जनपद मऊ-शाहगंज-मुंबई वाया प्रयागराज-कानपुर रेल खंड पर मुंबई जाने हेतु एक मात्र ट्रेन गोदान एक्सप्रेस संचालित है।