कन्नौज। प्रदेश की हॉट सीटों में शुमार कन्नौज सीट पर लोकसभा चुनाव के लिए अब तक समाजवादी पार्टी ने प्रत्याशी घोषित नहीं किया है। इसको लेकर भाजपा सांसद का एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें वो ये कहते हुए नजर आ रहे हैं कि सपा कार्यकर्ता भइया (अखिलेश) के नाम पर डराने का प्रयास कर रहे हैं और अखिलेश जी खुद का नाम घोषित करने में पीछे हट रहे हैं। विपक्षी दल से कोई प्रत्याशी न होने के कारण मैदान में अकेले ही तलवार चलानी पड़ रही है। भाजपा सांसद सुब्रत पाठक का एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें उन्होंने मुख्य विपक्षी दल समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव को लेकर तंज कसा है। वीडियो 4 अप्रैल का है, जब सांसद सुब्रत पाठक पार्टी के एक कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं को सम्बोधित कर रहे थे। इसमें उन्होंने कन्नौजी भाषा में बोलते हुए कहा कि सपा के लोग चिल्लाते घूम रहे कि अबकी बार कन्नौज से भइया (अखिलेश यादव) आ रहे चुनाव लड़ने, लेकिन भइया खुद का नाम तक घोषित नहीं कर पा रहे। भइया-भइया करके सपा के कार्यकर्ता इस तरह से डराने का प्रयास कर रहे हैं, जैसे वो भइया न होकर, भेड़िया हो गए हों। उन्होंने कहा कि हमें चुनाव लड़ने के लिए अपनी पार्टी से टिकट मांगना पड़ता है, जबकि अखिलेश जी खुद अपनी पार्टी के मुखिया हैं। वो जब चाहें तब खुद को कहीं से भी प्रत्याशी घोषित कर सकते हैं। इसके बावजूद वह अब तक अपना नाम घोषित नहीं कर सके। अखिलेश यादव को हराने के लिए तैयार भाजपा सांसद ने कहा कि वह अखिलेश यादव के खिलाफ चुनाव लड़ चुके हैं। 2014 में डिंपल यादव के खिलाफ चुनाव लड़ चुके हैं और 2019 में समाजवादी पार्टी को बसपा का समर्थन मिला था तब हमने चुनाव में डिम्पल यादव को हरा दिया था। इसका मतलब ये है कि हम अखिलेश, डिम्पल और मायावती के खिलाफ एक साथ चुनाव लड़ चुके हैं। ऐसे में यदि इस बार कन्नौज सीट से अखिलेश यादव चुनाव लड़ते भी हैं तो हम उन्हें हराने के लिए तैयार हैं।