मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव होने वाला है। इस बीच कांग्रेस नेता राहुल गांधी मध्य प्रदेश पहुंचे हैं। यहां कालापीपल विधानसभा क्षेत्र के पोलायकला में प्रदेश की बीजेपी सरकार पर जमकर हमला किया। लोगों से संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि मध्य प्रदेश सरकार किसानों को उनकी फसल का सही दाम नहीं दे रही है। उन्होंने कहा कि जाकर छत्तीसगढ़ के किसानों से पूछिए कि उन्हें धान की फसल का कितना पैसा मिलता है। हमने जो वादा किया था, उसे पूरा किया। राहुल गांधी ने यह भी कहा कि भारत के इतिहास में पहली बार किसान टैक्स दे रहे हैं। उन्होंने जीएसटी लागू किया। हमारी सरकार गरीबों और किसानों के लिए काम करती है।