केंद्र की सत्ता में मोदी सरकार ने आज अपने 9 साल पूरे कर लिए हैं। इस मौके पर सरकार के सभी बड़े नेता जमकर अपनी उपलब्धियों को गिना रहे हैं। बताया जा रहा है कि पिछले 9 सालों में कैसे सरकार ने बड़े फैसले लिए और लोगों के लिए क्या-क्या किया। देश में कितना विकास हुआ। विदेश में कैसे देश का मान बढ़ रहा है। देश डिजिटल होता जा रहा है। वहीं विपक्षी दल कांग्रेस की तरफ से इसे नाकामी के 9 साल बताया जा रहा है। कांग्रेस के आधिकारिक ट्विटर हैंडल से एक ट्वीट किया गया है, जिसमें मोदी सरकार के 9 साल का जिक्र किया गया है। कांग्रेस ने बेरोजगारी से लेकर महंगाई और बाकी तमाम मुद्दों को लेकर सरकार को जमकर निशाने पर लिया है और कहा है कि देश की बदहाली के 9 साल पूरे हो गए हैं।