सहारा इंडिया परिवार के संस्थापक, प्रणेता, मुख्य अभिभावक और समूह के प्रबंध कार्यकर्ता एवं चेयरमैन‘सहाराश्री’ सुब्रत रॉय सहारा का पार्थिव शरीर आज गोमती किनारे बैकुंठ धाम में पंचतत्व में विलीन हो गया। नम आंखों से हजारों लोगों की मौजूदगी में ‘सहाराश्री’ के पोते ने मुखाग्नि दी। गमगीन माहौल में सहारा परिवार के अधिकारी और कर्मचारीगण भी श्रद्धांजलि देने सहारा शहर और बैकुंठ धाम पहुंचे। आज दोपहर करीब 2 बजे सहारा शहर से ‘सहाराश्री’ की अंतिम यात्रा निकली। अंतिम यात्रा में हजारों लोग शामिल हुए। सहारा इण्डिया परिवार के लाखों कर्तव्ययोगी कार्यकर्ताओं के प्रेरणास्रोत सहाराश्री श्री सुब्रत रॉय सहारा का मंगलवार, 14 नवबंर की रात मुंबई के एक निजी हास्पिटल में इलाज के दौरान निधन हो गया था। बुधवार शाम पांच बजे मुबंई से विशेष विमान के जरिये ‘सहाराश्री’ के पार्थिव शरीर को लखनऊ लाया गया। ‘सहाराश्री’ के पार्थिव शरीर सहारा शहर पहुंचते ही मित्र व कर्मियों ने सहारा श्री अमर रहे के नारे भी लगाए गए। चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर अपने अभिभावक सहाराश्री के पार्थिव शरीर को देखते ही सहारा इण्डिया परिवार के उप प्रबंध कार्यकर्ता श्री ओपी श्रीवास्तव व उप प्रबंध कार्यकर्ता तथा सहाराश्री के छोटे भाई श्री जेबी रॉय, श्री अनिल विक्रम सिंह समेत अन्य परिवारीजनों की आंखों से आंसुओं की धारा बह निकली। परिवार के इन वरिष्ठ सदस्यों ने सहाराश्री के पार्थिव शरीर को प्राप्त किया। सहाराश्री के पार्थिव शरीर के साथ मुंबई से विशेष विमान में उनकी पत्नी श्रीमती स्वप्ना रॉय, छोटी बहन श्रीमती कुमकुम रॉय चौधरी, दोनों बहुएं श्रीमती चांदनी रॉय व श्रीमती रिचा रॉय आयी थीं। माननीय सहाराश्री के पार्थिव शरीर को यहां एयपोर्ट से विशेष व्यवस्था में शहीद पथ, हुसड़िया चौराहा होते हुए सहारा शहर ले जाया गया। सहारा शहर में ‘सहाराश्री’ के पार्थिव शरीर को लोगों के दर्शनार्थ रखा गया था। देर रात तक अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में राजनेता, सामाजिक कार्यकर्ता व सहारा इण्डिया परिवार के कर्तव्ययोगी कार्यकर्ताओं ने श्रद्धांजलि दी। उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, मंत्री नितिन अग्रवाल, पूर्व मुख्यमंत्री व सपा प्रमुख अखिलेश यादव, सांसद नरेश अग्रवाल, सपा के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम, पूर्व मंत्री शिवपाल सिंह यादव, प्रमोद तिवारी, कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राजबब्बर, कांग्रेस विधान मंडल की नेता आराधना मिश्र, पूर्व मंत्री अम्मार रिजवी, मौलाना खालिद रशीद फरंगी महली, गायक सोनू निगम समेत अन्य अन्य हस्तियां भी श्रद्धांजलि देने पहुंची थीं