चित्रकूट का भरत मिलाप मंदिर: जहां पत्थर भी पिघले थे भाईचारे के प्रेम में
श्रीराम और भरत के ऐतिहासिक मिलन का प्रतीक है यह मंदिर, आज भी मौजूद हैं शिला पर दोनों के चरण चिन्ह, भरत कूप से जुड़ी है भावनाओं की अनमोल कहानी
चित्रकूट, मध्यप्रदेश के पावन धरती पर स्थित भरत मिलाप मंदिर वह ऐतिहासिक स्थल है जहां भगवान श्रीराम और उनके भ्राता भरत का भावुक मिलन हुआ था। रामायण के उत्तरकाण्ड में वर्णित इस प्रसंग का साक्षी यह मंदिर आज भी वैसी ही श्रद्धा और आस्था से जुड़ा हुआ है, जैसा त्रेता युग में था।
माना जाता है कि जब श्रीराम वनवास पर गए थे, तब भरत जी उन्हें मनाने चित्रकूट पहुंचे। यहीं पर भाईचारे, प्रेम और त्याग का ऐसा अनुपम दृश्य घटित हुआ कि केवल मनुष्य ही नहीं, बल्कि प्रकृति भी भाव-विभोर हो उठी। शास्त्रों में वर्णित है कि इस मिलन से पत्थर तक पिघल गए थे—जिसका प्रमाण है आज भी वहाँ मौजूद वह शिला, जिस पर श्रीराम और भरत के चरण चिन्ह स्पष्ट रूप से देखे जा सकते हैं।
मंदिर के पास ही स्थित है “भरत कूप” नामक एक विशाल कुआं, जिसमें भरत ने सभी तीर्थों से लाया गया पवित्र जल डाला था। वे भगवान श्रीराम का अभिषेक करना चाहते थे, लेकिन जब राम ने वनवास का पालन करने की बात कही, तो भरत उनकी चरण पादुका लेकर अयोध्या लौटे और उन्हें सिंहासन पर स्थापित कर राज्य चलाया।
भरत मिलाप मंदिर, लक्ष्मण-शत्रुघ्न मिलन मंदिर और कौशल्या-सीता मिलन मंदिर—ये सभी स्थल रामायण के उन पलों को जीवंत करते हैं जो आज भी श्रद्धालुओं के हृदय को छू जाते हैं। चित्रकूट यात्रा इस स्थल के दर्शन के बिना अधूरी मानी जाती है।









