बेंगलुरू-इस राज्य में बनेगा देश का दूसरा सबसे बड़ा क्रिकेट स्टेडियम, जानिए डिटेल
इस स्टेडियम में लगभग 80,000 दर्शकों के बैठने की क्षमता होगी।
मुख्यमंत्री सिद्धारमैया के अनुसार, पूरे विकास प्रोजेक्ट के लिए करीब 4,000 एकड़ जमीन का उपयोग किया जाएगा
बेंगलुरू (BNE ) : दुनिया में सबसे बड़ा क्रिकेट स्टेडियम नरेंद्र मोदी स्टेडियम गुजरात में है। अब कर्नाटक को देश का दूसरा सबसे बड़ा क्रिकेट स्टेडियम मिलने जा रहा है।
कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारामैया ने शनिवार को अनेकल तालुक के सूर्यनगर फेज-4 में इस महत्वाकांक्षी परियोजना की आधारशिला रखी। अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुसार बनने वाले इस स्टेडियम में लगभग 80,000 दर्शकों के बैठने की क्षमता होगी।
यह स्टेडियम हाउसिंग डिपार्टमेंट और कर्नाकट हाउसिंग बोर्ड द्वारा विकसित किए जा रहे बड़े स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का हिस्सा होगा। इस परियोजना की घोषणा बेंगलुरु के पास सूर्यनगर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान की गई।
मुख्यमंत्री सिद्धारमैया के अनुसार, पूरे विकास प्रोजेक्ट के लिए करीब 4,000 एकड़ जमीन का उपयोग किया जाएगा। इनमें से 75 एकड़ जमीन स्टेडियम निर्माण के लिए निर्धारित की गई है, जबकि बाकी क्षेत्र में हाउसिंग लेआउट और किसानों व अन्य आवेदकों के लिए प्लॉट विकसित किए जाएंगे।
हाल ही में एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू की जीत के जश्न के दौरान हुई भगदड़ का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य को खेलों को बढ़ावा देने और बड़ी संख्या में लोगों को सुरक्षित तरीके से समायोजित करने के लिए बेहतर बुनियादी ढांचे की आवश्यकता है।
हालांकि, इस परियोजना का कुछ किसानों और पर्यावरणविदों द्वारा विरोध भी किया जा रहा है। उनका कहना है कि प्रस्तावित स्टेडियम की लोकेशन कराडिक्कल-महादेश्वर वन्यजीव कॉरिडोर के करीब है, जिससे पर्यावरण और वन्यजीवों पर असर पड़ सकता है।








